कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में अपनी शानदार मौजूदगी दर्ज कराने के बाद ऐश्वर्या राय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जहां उनके रेड कार्पेट लुक की जमकर तारीफ हुई, वहीं कुछ लोगों ने उनके बढ़े हुए वजन को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया। अब इस मामले में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित खुलकर ऐश्वर्या के समर्थन में सामने आई हैं।
माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। दोनों कई फिल्मों में साथ काम कर चुकी हैं। हाल ही में एक बातचीत के दौरान माधुरी ने ऐश्वर्या को लेकर हो रही बॉडी शेमिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी और उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
माधुरी ने कहा, ‘वो 20 सालों से कान्स फिल्म फेस्टिवल में जा रही हैं। उन्होंने पूरे देश को प्राउड फील कराया है। वो एक ग्लोबल स्टार हैं। मिस वर्ल्ड के रूप में उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है। आप उन्हें किसी पैमाने पर एक संख्या, ड्रेस पर लिखे नंबर, साइज या कैलेंडर इयर्स पर बेस्ड नंबर तक सीमित नहीं कर सकते। वो दिखने में खूबसूरत हैं और अंदर से भी खूबसूरत हैं।’
गौरतलब है कि माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय को दर्शकों ने फिल्म ‘देवदास’ में साथ देखा था। इस फिल्म में दोनों अभिनेत्रियों की अदाकारी और डांस को खूब सराहा गया था। खासतौर पर ‘डोला रे डोला’ गाना आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। फिल्म में शाहरुख खान ने भी अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा दोनों अभिनेत्रियां फिल्म ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ में भी नजर आ चुकी हैं। हालांकि उस फिल्म में ऐश्वर्या का कैमियो रोल था, जबकि माधुरी मुख्य भूमिका में दिखाई दी थीं।





