छत्तीसगढ़

जून की शुरुआत राहत भरी, प्रदेशभर में बारिश और तेज हवाओं के आसार

छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। कई इलाकों में बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है।

हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से इसके छत्तीसगढ़ पहुंचने में देरी हो सकती है। ऐसे में जून के पहले पखवाड़े में प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है। वहीं बस्तर संभाग में पहुंचने वाली नमी के कारण अत्यधिक गर्मी पर कुछ हद तक रोक लग सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार किसी क्षेत्र का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने या पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर उसे ग्रीष्मलहर प्रभावित माना जाता है। पर्याप्त बारिश नहीं होने तक जून के शुरुआती दिनों में ऐसे हालात बने रह सकते हैं।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

कई जिलों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान पेंड्रा में 7 सेंटीमीटर, चंद्रपुर में 5 सेंटीमीटर, कुटरू और अंबिकापुर में 4-4 सेंटीमीटर तथा तमनार और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बसना, कोमाखान, बागबहरा समेत कई क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ अंधड़ और बारिश की भी संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts