बिलासपुर में एमबीए में दाखिला दिलाने के नाम पर एक महिला से तीन लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन क्षेत्र के शिवम रेसिडेंसी, शांति नगर निवासी कैरोलीन मैरी ओकानर (51) ने सिविल लाइन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि रांची झारखंड निवासी अतुल्य अनुभव नामक युवक ने स्वयं को एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय का फैकल्टी सदस्य और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ा अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया था।
आरोपित ने फेसबुक पर दिए गए एक आकर्षक विज्ञापन के माध्यम से विश्वास में लिया और दावा किया कि वह महिला के बेटे एंड्रयू जूड ओकानर का नई दिल्ली स्थित फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (FMS) में एमबीए कोर्स में प्रवेश करवा सकता है। आरोपी ने कहा कि सामान्य प्रवेश प्रक्रिया काफी कठिन होती है, लेकिन उसके संपर्कों के जरिए एडमिशन संभव हो जाएगा।
इसके बाद आरोपी ने सीट कन्फर्म करने, प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेज सत्यापन और प्रशासनिक स्वीकृति के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे मांगे। बेटे के भविष्य को देखते हुए महिला ने आरोपी के बताए खातों में कुल तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें दो लाख रुपये फोनपे के माध्यम से और एक लाख रुपये बैंक खाते से भेजे गए।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने 11 मई 2026 को दिल्ली बुलाकर एडमिशन प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया था। महिला अपने खर्च पर दिल्ली पहुंची, लेकिन वहां आरोपी नहीं मिला। साथ ही उसका मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद मिले। इसके बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ।
पीड़िता ने पुलिस को फर्जी फेसबुक विज्ञापन, व्हाट्सएप चैट और भुगतान से जुड़े स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





