जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब तेज आंधी और हवा के चलते सैलानियों से भरा क्रूज पलट गया। अचानक बिगड़े मौसम के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ा और कुछ ही पलों में वह पानी में समा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्रूज में सवार 30 से अधिक लोग डूबने लगे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ताजा जानकारी के मुताबिक अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 7 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। वहीं 22 लोगों को सुरक्षित निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह गुरुवार शाम को बरगी डैम में सैलानी क्रूज का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ आंधी शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण क्रूज डगमगाने लगा और देखते ही देखते पलट गया। इससे सवार लोग पानी में गिर गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, गोताखोरों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दूसरे दिन भी लापता लोगों की तलाश जारी है। मौके पर मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह, अशोक रोहाणी, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
क्रूज निकालने में आई दिक्कत
हादसे के 12 घंटे बाद भी क्रूज को बाहर निकालने में परेशानी आ रही है। रात के समय क्रूज को खींचने के दौरान रस्सा टूट गया, जिससे काम प्रभावित हुआ। इसके बाद पहाड़ी इलाके को समतल कर रास्ता बनाया गया और जेसीबी की मदद से हाइड्रा व बड़ी क्रेन को मौके तक पहुंचाया गया, जिसके जरिए रेस्क्यू जारी है।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र का एक सोनी परिवार भी क्रूज में सवार था। इस परिवार के कई सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि नीतू सोनी की मौत हो गई। वहीं एक छोटा बच्चा अब भी लापता बताया जा रहा है।
मंत्री ने मानी लापरवाही
घटनास्थल पर पहुंचे प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद सिंह लोधी ने ऑन कैमरा लापरवाही स्वीकार की। उन्होंने कहा कि, “रेस्क्यू के संसाधनों की कमी है।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब से पर्यटकों का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखा जाएगा।
बचाए गए लोगों के नाम
राखी सोनी (40), विक्की सोनी (42), समृद्धि सोनी (16), इनिया (12), आराध्या सोनी (12), अनु सोनी, महेश पटेल, छोटेलाल गौंड (38), अनामिका सोनी (47), रियाज हुसैन, पवीथारन (12), मनोज श्रीवास (40), अंशिका श्रीवास (13), तनिष्क श्रीवास (7), तनिष्का श्रीवास (10), कियान वर्मा (4), रोशन आनंद वर्मा, सरिता वर्मा (40), वृन्दा (10), मंजू खडगा, जफर (13), कामराज।
मृतकों के नाम
नीतू सोनी (43), सौभगयम अलागन (42), मधुर मैसी (62), काकुलाझी (38)।





