रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दक्षिण के बाद अब प्रदेश के मध्य इलाकों में भी अंधड़ और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल गरजने की घटनाएं भी सामने आईं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। साथ ही अगले 5 दिनों तक सभी संभागों में कहीं-कहीं तेज हवा, गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
बीते 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में सबसे अधिक तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि दो दिन बाद हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि, “एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर और उसके आसपास मौजूद है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर अंदरूनी उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के कारण छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं कुछ जगाहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरवाट का दौर जारी रह सकता है।”





