अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हाल ही में फोन पर करीब 40 मिनट तक बातचीत हुई। यह बातचीत अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के बाद पहली बार हुई है। बातचीत के अंत में ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा, “मैं बस आपको बताना चाहता हूं कि हम सभी आपसे प्यार करते हैं (We All Love You).”
जानकारी के अनुसार, इस साल दोनों नेताओं के बीच यह तीसरी बातचीत है। अमेरिकी दूत सर्जियो गोर ने बताया कि इस दौरान भारत और अमेरिका के संबंधों में हुई प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच, खासकर ऊर्जा क्षेत्र में, कई बड़े समझौते हो सकते हैं।
फोन कॉल के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। वहीं पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने अपने दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और दोनों देशों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में हुए अच्छे कामों की समीक्षा की। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका अपने संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि बातचीत में पश्चिम एशिया के हालात पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुला और सुरक्षित रहना चाहिए, क्योंकि यह समुद्री रास्ता दुनिया के लिए बहुत अहम है, खासकर तेल की सप्लाई के लिए।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी इस साल तीन बार बात कर चुके हैं। इससे पहले 2 फरवरी को दोनों नेताओं ने व्यापार समझौते में हुई प्रगति पर चर्चा की थी, जबकि 24 मार्च को उन्होंने मध्य पूर्व के हालात पर बात की थी। इसी बीच ट्रंप ने यह भी कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिर से शुरू हो सकती है और यह अगले दो दिनों में हो सकती है। उन्होंने बताया कि बातचीत की जगह पाकिस्तान ही रहेगी।





