बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के बीच उन्होंने अपने जीवन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने फैंस को भावुक कर दिया। अक्षय ने बताया कि बचपन में उनके साथ एक ऐसा चमत्कार हुआ, जिसने उनकी जान बचा ली।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान अक्षय कुमार ने बताया कि उनका जन्म ही माता वैष्णो देवी के आशीर्वाद से हुआ था। उनके माता-पिता ने संतान प्राप्ति के लिए माता के दरबार में मन्नत मांगी थी, जो पूरी हुई। इसके बाद वे धन्यवाद देने के लिए उन्हें कटरा लेकर गए।
यात्रा के दौरान अचानक अक्षय की तबीयत बेहद खराब हो गई। उन्हें तेज बुखार आ गया और वह बेहोश हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि डॉक्टरों ने उनके पिता से कहा कि बच्चे को तुरंत दिल्ली ले जाएं, नहीं तो कुछ भी हो सकता है।
इस मुश्किल समय में भी उनकी मां का विश्वास अडिग रहा और उन्होंने माता के दर्शन करने का फैसला किया। अक्षय को लाल कपड़े में लपेटकर मंदिर ले जाया गया, जहां उनके माता-पिता प्रार्थना कर रहे थे।
अक्षय ने उस पल को याद करते हुए कहा, “यात्रा के दौरान अचानक मेरी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई। मुझे 103-104 डिग्री का तेज बुखार चढ़ गया और मैं बेहोश हो गया।”
उन्होंने आगे बताया कि तभी एक अजनबी ने उनके पिता से कहा, “आपका बेटा कितनी प्यारी मुस्कान दे रहा है।”
जब पिता ने देखा तो जो बच्चा कुछ देर पहले बेहोश था, वह अचानक मुस्कुरा रहा था। इसके बाद उनका बुखार भी उतर गया और वह पूरी तरह स्वस्थ हो गए। अक्षय इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा ईश्वरीय चमत्कार मानते हैं। अक्षय कहते हैं कि वह दिन है और आज का दिन, उनका ईश्वर और शक्ति पर अटूट विश्वास है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के जरिए वह निर्देशक प्रियदर्शन के साथ लंबे समय बाद काम कर रहे हैं। फिल्म में उनके साथ परेश रावल, राजपाल यादव और तब्बू भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





