खेल

IPL मैच में रील बनाना पड़ा महंगा: ‘रिंग ट्रेंड’ के चक्कर में लड़की ने गंवाई 70 हजार की अंगूठी

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत कई बार लोगों को भारी पड़ जाती है। ऐसा ही एक मामला IPL मैच के दौरान सामने आया, जहां एक लड़की को इंस्टाग्राम रील बनाना महंगा पड़ गया और उसे 70 हजार रुपये की अंगूठी गंवानी पड़ी।

यह घटना 11 अप्रैल को महाराजा यादवेंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम में खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के मुकाबले के दौरान हुई। स्टेडियम में मौजूद मधु प्रिया नाम की दर्शक इंस्टाग्राम का चर्चित ‘रिंग ट्रेंड’ फॉलो कर रही थी।

इस ट्रेंड में कैमरे के सामने अंगूठी को हवा में उछालकर फिर कैच करना होता है। लड़की ने अपनी करीब 70 हजार रुपये की अंगूठी हवा में उछाली, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाई और अंगूठी भीड़ में कहीं गिरकर खो गई।

इस पूरी घटना का वीडियो खुद लड़की ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही अंगूठी हाथ से छूटती है, वह घबरा जाती है और तुरंत उसे ढूंढने लगती है, लेकिन काफी तलाश के बाद भी अंगूठी नहीं मिलती।

वीडियो के कैप्शन में उसने लिखा, “70,000 रुपये का लॉस हो गया। अंगूठी अब तक नहीं मिली है।” साथ ही उसने लोगों से अपील की कि अगर किसी को अंगूठी मिले तो उसे डायरेक्ट मैसेज करें।

इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “इसी बहाने अब कम से कम पूरे स्टेडियम की सफाई तो हो जाएगी।” वहीं दूसरे ने कहा, “मैडम, अगली बार उंगली में धागा बांध कर रील बनाना।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “लो भाई, पड़ गई 70 हजार रुपये की रील!”

हालांकि कुछ लोगों ने मदद की पेशकश भी की। एक यूजर ने पूछा, “आप कौन से स्टैंड में थीं? मैं मैनेजमेंट में कुछ लोगों को जानता हूं, वो इसे ढूंढने में मदद कर सकते हैं।”

यह घटना दिखाती है कि सोशल मीडिया ट्रेंड्स के पीछे भागना कभी-कभी महंगा साबित हो सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts