मुंबई। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस अब तक उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। टीम अब तक खेले गए 5 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाई है और लगातार हार से जूझ रही है। इसी बीच पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान मैदान पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने फैंस की चिंता और बढ़ा दी।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए। टीम की ओर से क्विंटन डिकॉक ने शानदार नाबाद शतकीय पारी खेली। हालांकि, लक्ष्य का बचाव करने उतरी मुंबई की गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर रही। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह विकेट लेने में नाकाम रहे। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 10 से अधिक की इकॉनमी से 41 रन दिए।
मैदान पर दिखी बहस की झलक
मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह के ओवर में नजर आया कि हार्दिक पांड्या अपनी इच्छा से एक फील्ड बदलना चाहते थे, लेकिन बुमराह उससे सहमत नजर नहीं आए। कुछ देर की चर्चा के बाद बुमराह ने हाथ उठाकर बात मान ली। इस दौरान कैमरा रोहित शर्मा की ओर गया, जहां वह भी परेशान नजर आए और सिर पकड़ते दिखे।
गेंदबाजी रही पूरी तरह फ्लॉप
बुमराह के आलावा दीपक चाहर भी कोई विकेट नहीं ले पाए, उन्होंने तो 18 की इकॉनमी से रन लुटाए। चाहर ने 2.3 ओवरों में 45 रन खर्चे। कप्तान हार्दिक पांड्या ने खुद 3 ओवर डाले, लेकिन वह भी महंगे साबित हुए। उन्होंने 3 ओवरों में 39 रन दिए। शार्दुल ठाकुर ने 3 ओवरों में 42 रन खर्चे और 1 विकेट लिया।
अंक तालिका में फिसली मुंबई
मुंबई इंडियंस की स्थिति अंक तालिका में भी लगातार खराब होती जा रही है। टीम 5 मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ 2 अंक लेकर नौवें स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -1.076 है।
अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होगा, जहां टीम वापसी की कोशिश करेगी।





