छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले राहत, बारिश से 5 डिग्री तक गिरा तापमान, आज भी आंधी-बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब बेहद करीब है। मानसून के पहुंचने से पहले ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। गुरुवार को रायपुर समेत अनेक जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा।

बारिश की बात करें तो कोंटा और गरियाबंद में सबसे अधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मैनपुर में 4 सेंटीमीटर, जबकि गादीरस, बड़े बचेली, सुकमा और नांगुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बस्तर संभाग और आसपास के कई इलाकों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को भी बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts