छत्तीसगढ़

12वीं हिंदी पेपर वायरल मामले में NSUI कार्यकर्ता गिरफ्तार, 3 हजार में बेचता था प्रश्नपत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपित वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड के बाद आरोपित को जेल भेज दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि वेणु जंघेल छात्रों को तीन हजार रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 50 से ज्यादा छात्रों और अन्य लोगों से पूछताछ की थी, जिसमें वेणु जंघेल का नाम सामने आया।

बताया जा रहा है कि आरोपित बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। मामला दर्ज होने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

तकनीकी निगरानी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिलासपुर से पकड़ लिया। पुलिस अब इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस संबंध में कोतवाली थाना में पहले ही अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज किया जा चुका था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts