बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी सुपरहिट फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे की पुरानी यादों को फिर से ताजा किया। वह उस रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, जहां फिल्म का मशहूर “जा सिमरन जा जी ले अपनी जिंदगी” वाला आइकॉनिक सीन शूट किया गया था। करीब 32 साल बाद उसी जगह पर पहुंचकर अभिनेता भावुक नजर आए।
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह रेलवे प्लेटफॉर्म पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्होंने बताया कि यही वह जगह है जहां शाहरुख खान और काजोल पर फिल्माया गया फिल्म का सबसे यादगार सीन शूट हुआ था। इसी सीन में सिमरन दौड़ते हुए ट्रेन पकड़ती है और राज उसका हाथ थाम लेता है।
अनुपम खेर ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “32 साल बाद उसी जगह पर शूटिंग करना एक बेहद भावुक और यादगार अनुभव था, जहां हमने ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का राज और सिमरन का मशहूर सीन फिल्माया था। यकीन ही नहीं होता कि इतने साल बीत गए हैं।”
उन्होंने आगे लिखा, “उस समय शूटिंग के दौरान मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि शाहरुख खान और काजोल का सीन भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार पलों में से एक बन जाएगा। लेकिन शायद यही जीवन की खूबसूरती है। किसी पल की लोक्रियता और महानता का एहसास बहुत बाद में होता है।”
अनुपम खेर ने महाराष्ट्र सरकार से अपील करते हुए कहा, “आज भी वहां ( महाराष्ट्र के रायगढ़ का आप्टा स्टेशन) खड़े होकर लगा जैसे समय थोड़ी देर के लिए ठहर गया हो। मेरी दिल से इच्छा है कि महाराष्ट्र सरकार इस जगह को एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करे।”
उन्होंने यह भी कहा, “दुनिया भर में फिल्मों की ऐसी लोकेशन्स लोगों के लिए यादों और भावनाओं का हिस्सा बन जाती हैं। हमारे यहां भी सिनेमा की इस विरासत को उसी सम्मान के साथ सहेजना चाहिए। जादू सिर्फ फिल्मों में नहीं होता, कुछ जगहों में भी बस जाता है।”
साल 1995 में रिलीज हुई दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे को हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म का निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था और यह फिल्म कई दशकों से दर्शकों की पसंद बनी हुई है।





