छत्तीसगढ़

पीएम मोदी की अपील पर बोले सीएम साय, कहा- सोना कम खरीदें और पेट्रोल-डीजल का कम करें उपयोग

रायपुर। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और वैश्विक आर्थिक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की सलाह का समर्थन करते हुए लोगों से सोना कम खरीदने और पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “पश्चिम एशिया में वार की स्थिति है। सभी देशों को असर हो रहा है। कोई देश अछूता नहीं रहेगा। पीएम मोदी ने अच्छी सलाह दी है। विदेश में हमारे देश का पैसा ना जाए, इसकी कोशिश हमें करनी चाहिए। सोना कम खरीदें और पेट्रोल-डीजल का भी कम उपयोग करें।”

दरअसल, तेलंगाना में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक आर्थिक हालात और सप्लाई चेन पर पड़ रहे असर को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार प्रभावित हो रहे हैं, जिसका असर भारत पर भी पड़ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं देशवासियों से अपील करता हूं कि वे अगले एक साल तक शादियों के लिए सोना न खरीदें। हमें विदेशी मुद्रा बचाने पर विशेष ध्यान देना होगा।”

उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान देश ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसे विकल्प अपनाए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में फिर से इन विकल्पों को प्राथमिकता देना समय की मांग है।

ईंधन बचत को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा, “दुनिया भर में तेल बेहद महंगा हो चुका है। इसलिए हमें जरूरत के अनुसार ही ईंधन का इस्तेमाल करना चाहिए और अनावश्यक खर्च से बचना चाहिए।”

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी उपदेश नहीं बल्कि नाकामी के सबूत बता रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार करते हुए कहा, “नाकामी नहीं है अगर ऐसा है तो वे उपाय बताएं कि ऐसे समय में क्या करना चाहिए।”

 

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts