भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। विभिन्न विमानन कंपनियों ने राजधानी से संचालित होने वाली कई प्रमुख उड़ानों में कटौती कर दी है। इसके चलते मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों के लिए हवाई सफर प्रभावित होगा। साथ ही आने वाले दिनों में किराए में 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है।
जारी शेड्यूल के अनुसार 1 जून से भोपाल-हैदराबाद रूट पर इंडिगो की एक उड़ान 15 जून तक बंद रहेगी। वहीं एयर इंडिया ने भोपाल-मुंबई रूट की सेवाओं में भी कटौती की है। यह उड़ानें जून के अधिकांश दिनों में संचालित नहीं होंगी। केवल 18 जून और 7 जुलाई को इस रूट पर फ्लाइट उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा इंडिगो की भोपाल-बेंगलुरु उड़ान 17 जून से 24 अक्टूबर तक सप्ताह में केवल तीन दिन—मंगलवार, गुरुवार और शनिवार—संचालित की जाएगी। वहीं एयर इंडिया ने 1 जुलाई से 31 जुलाई तक भोपाल-दिल्ली रूट की उड़ानें पूरी तरह बंद रखने का फैसला किया है।
उड़ानों की संख्या कम होने का सीधा असर यात्रियों पर पड़ सकता है। गर्मियों की छुट्टियों और शादी-ब्याह के सीजन में यात्रा की मांग अधिक रहती है। ऐसे में सीटों की उपलब्धता घटने से एयरलाइंस डायनेमिक प्राइसिंग के तहत किराए बढ़ा सकती हैं। आने वाले दिनों में टिकट की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि देखने को मिल सकती है।
जो यात्री जून या जुलाई में इन रूटों पर यात्रा की योजना बना रहे हैं, उन्हें टिकट बुक करने से पहले संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की उपलब्धता और शेड्यूल की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।





