नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके के एक होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग और धुएं की चपेट में आने से बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं राहत एवं बचाव कार्य के दौरान 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घायलों का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। सभी पुलिसकर्मी आग प्रभावित रेड जोन में राहत कार्य में जुटे थे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना सुबह करीब 8:50 बजे अग्निशमन विभाग को मिली, जिसके बाद 10 से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने अभियान चलाकर बेसमेंट में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया और तीन लोगों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिलाष कुमार मलिक ने कहा, “हमने जानकारी जुटाने के लिए विभिन्न अस्पतालों में टीमें भेजी हैं। हमें अभी-अभी मैक्स अस्पताल से जानकारी मिली है। 38 लोग भर्ती हैं, जिनमें से 18 की मौत हो गई है और 20 घायल हैं। हमारे जो लोग वहां मौजूद थे, उन्होंने बताया कि वहां कुछ विदेशी भी थे। हमारा एक दमकलकर्मी भी घायल हो गया; उसके हाथ में मामूली चोट आई है।”
बताया जा रहा है कि होटल का अधिकांश हिस्सा शीशों से ढका हुआ था। आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। कई लोगों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से झुलस चुके थे।
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
इस घटना पर DDMA (साउथ डिस्ट्रिक्ट) के SDM जितेंद्र कुमार ने कहा, “जैसे ही हमें कॉल मिली, हमने तुरंत DDMA सेल को एक्टिवेट कर दिया। हमें पता चला है कि इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चल रहा था। आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। घायलों समेत 7-8 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। ऊपर के फ्लोर पर मौजूद कुछ लोगों ने, स्थानीय लोगों द्वारा सड़क पर बिछाए गए गद्दों पर कूदकर अपनी जान बचाई।”





