भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब मध्य प्रदेश सरकार के काफिले में भी दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक काफिले में पहली बार एक इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल करने का फैसला किया है।
इसके तहत महिंद्रा की इलेक्ट्रिक एसयूवी XEV 9e को मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री बुधवार शाम दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक इसी वाहन में सफर करेंगे। कंपनी के अनुसार यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने में सक्षम है।
प्रधानमंत्री की अपील के बाद राज्य सरकार ने वीआईपी काफिलों में वाहनों की संख्या कम करने की पहल की थी। इसका असर ईंधन खपत पर भी देखने को मिला है। गैरेज सूत्रों के मुताबिक अप्रैल 2026 में वीआईपी वाहनों में करीब 24 हजार लीटर डीजल की खपत हुई थी, जो मई में घटकर लगभग 18 हजार लीटर रह गई। इस तरह एक महीने में करीब 6 हजार लीटर डीजल की बचत दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या 13 से घटाकर 7 कर चुके हैं। इसके बाद कई मंत्री और अधिकारी भी कार-पूलिंग तथा कम वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने लगे हैं।
मुख्यमंत्री की नई इलेक्ट्रिक कार को MP 02 VB 2047 नंबर आवंटित किया गया है। इसमें ‘VB’ का अर्थ ‘विकसित भारत’ और ‘2047’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प वर्ष को दर्शाता है। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश देने की कोशिश की गई है।
मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफिले में पहली बार किसी इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल किया गया है। इसे ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वाहन की तकनीकी जांच पूरी कर ली गई है और सुरक्षा मानकों के अनुरूप ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।
महिंद्रा XEV 9e में 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ, फास्ट चार्जिंग तकनीक, एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स और स्मार्ट कनेक्टिविटी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसे लंबी दूरी की यात्रा के लिए भी उपयुक्त माना जाता है।





