छत्तीसगढ़

रायपुर में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 4 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम

रायपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम में करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि कर दी। इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।

लगातार दूसरी बार बढ़ी कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। राजधानी रायपुर में अब पेट्रोल करीब 104.32 रुपए प्रति लीटर और डीजल लगभग 97.38 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

डीजल के दाम बढ़ने से केवल वाहन चालकों पर ही असर नहीं पड़ेगा, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े सामान भी महंगे हो सकते हैं। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने की आशंका है।

इसके साथ ही खेती-किसानी में उपयोग होने वाले ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने का खर्च भी बढ़ेगा। आने वाले दिनों में बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

इधर, रायगढ़ जिले के खरसिया में खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए वंदना पेट्रोल पंप को सील कर दिया। विभाग को जांच के दौरान नियमों की अनदेखी और स्टॉक में गड़बड़ी मिली थी।

इससे पहले प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई को लेकर फैली अफवाहों के कारण कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं। रायपुर समेत कई शहरों में लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाते नजर आए थे। कुछ जगहों पर पंप बंद होने जैसी स्थिति भी बन गई थी, हालांकि अब हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts