आईपीएल 2026 के बीच मुंबई इंडियंस और कप्तान हार्दिक पांड्या के रिश्तों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दरअसल, हार्दिक ने इंस्टाग्राम पर पहले अपनी टीम मुंबई इंडियंस को अनफॉलो किया और कुछ घंटे बाद फिर से फॉलो कर लिया। इसके अलावा उन्होंने टीम से जुड़ी कई पोस्ट भी अपने अकाउंट से हटा दी हैं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि टीम और हार्दिक के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। साल 2024 में मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपी थी, लेकिन उसके बाद टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। ऐसी चर्चाएं भी रही हैं कि रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों का समर्थन हार्दिक को पूरी तरह नहीं मिला।
इस सीजन में हार्दिक पांड्या पिछले दो मुकाबलों में नहीं खेले हैं। उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी संभाली। अब मुंबई के तीन मैच बचे हैं। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले सीजन में हार्दिक और मुंबई इंडियंस अलग-अलग रास्ते चुन सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक ने सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को भी अनफॉलो कर दिया है। वहीं उनकी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा ने भी मुंबई इंडियंस को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो किया है।
मुंबई और आरसीबी के मैच के दौरान हार्दिक स्टेडियम में भी नजर नहीं आए। पीठ में परेशानी के कारण वह मैच खेलने के लिए उपलब्ध नहीं थे। हालांकि वह टीम के साथ रायपुर पहुंचे थे, लेकिन फिटनेस की वजह से बाहर रहे। यह इस सीजन का तीसरा मैच था जिसमें हार्दिक नहीं खेले। फिलहाल टीम मैनेजमेंट या हार्दिक पांड्या की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





