काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब लैंडिंग के दौरान तुर्की एयरलाइंस के एक विमान के टायर में आग लग गई। विमान में कुल 289 लोग सवार थे, जिनमें यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल थे। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एयरपोर्ट की सुरक्षा मामलों के एसपी राजकुमार सिलावल ने एएनआई को फोन पर जानकारी देते हुए कहा, “तुर्की एयरलाइंस का विमान टीके 726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रहा था। लैंडिंग के समय उसके टायर में आग लग गई। दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।”
अधिकारियों के अनुसार विमान में 278 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य मौजूद थे। इनमें संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।





