डोमिनिकन रिपब्लिक। ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक प्राइवेट जेट हादसे का शिकार हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान रनवे पर अनियंत्रित हो गया और कुछ ही पलों में आग की लपटों में घिर गया। दुर्घटना में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गल्फस्ट्रीम G200 जेट ला रोमाना से अमेरिका के टेक्सास स्थित ऑस्टिन के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या आने के बाद पायलट ने इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का निर्णय लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, विमान एयरपोर्ट से लगभग 16 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम दिशा में था, जब तकनीकी खराबी की सूचना दी गई।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को रनवे पर पीछे के पहियों के सहारे घिसटते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद विमान अचानक उछलता है और कुछ ही सेकेंड में आग के विशाल गोले में तब्दील हो जाता है। हादसे के बाद घटनास्थल से धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि विमान में पायलट और को-पायलट के अलावा कोई यात्री मौजूद नहीं था। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट में तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह माना गया है।





