मुंबई में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स ओवरडोज से दो छात्रों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आयोजक सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतकों में एक युवक और एक युवती शामिल हैं, जिनकी उम्र 20 से 22 साल के बीच बताई जा रही है।
घटना गोरेगांव स्थित नेस्को ग्राउंड में रविवार (12 अप्रैल) रात हुई, जहां दोनों छात्र अपने दोस्तों के साथ कॉन्सर्ट में पहुंचे थे। इसी दौरान ड्रग्स लेने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में आकाश सामाल, विनोद जैन, प्रतीक पांडे, आनंद पटेल, रौनक खंडेलवाल और बालकृष्ण कुरूप को गिरफ्तार किया है। साथ ही 15 से 20 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
नेस्को के प्रवक्ता ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, “हम प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम स्थिति की गंभीरता को समझते हैं और संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “हम लोग जांच में अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए कि तथ्यों का पता जल्द से जल्द चल सके, सभी प्रासंगिक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।”
साथ ही उन्होंने यह भी कहा, “अभी मामले में जांच की जा रही है, इसलिए इस पर आगे कोई टिप्पणी करना सही नहीं होगा। हम अधिकारियों का सहयोग करने और सभी सुरक्षा तथा अनुपालन मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों ने कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स का सेवन किया था। कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी, जिसके बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद की जा सकेगी। मामले में पुलिस ने घटनास्थल से अन्य छात्रों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही आयोजकों और संचालकों से भी पूछताछ की जा रही है।





