क्रांइमछत्तीसगढ़

कोरबा में चोरों का दुस्साहस, रेलवे ट्रैक काटकर ले गए, दो करोड़ की चोरी से हड़कंप

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरों ने रेलवे ट्रैक को ही निशाना बना लिया। गेवरा–पेंड्रा क्षेत्र में चल रहे नई रेल लाइन प्रोजेक्ट से चोर रातों-रात पटरी काटकर ले गए। इस वारदात में रेलवे का करीब दो करोड़ रुपये का सामान चोरी हो गया, जिससे प्रशासन और निर्माण एजेंसी में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, कुसमुंडा से कुचेना-जटगा तक करीब 60–65 किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग दिनों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। चोर रेलवे साइट से न सिर्फ रेल की पटरियां काटकर ले गए, बल्कि लोहे की प्लेटें और भारी मशीनरी भी गायब कर दी गई। यह इलाका बांकी मोंगरा और कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है।

बताया जा रहा है कि रेलवे ने इस नई रेल लाइन के निर्माण का ठेका एक निजी कंपनी को दिया है। कंपनी ने पुलिस को सूचना दी कि निर्माणाधीन रेल लाइनों को काटकर चोरी किया गया है, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। इस चोरी का असर प्रोजेक्ट की समय-सीमा पर भी पड़ रहा है और साइट पर काम कर रहे कर्मचारियों व मजदूरों में डर का माहौल बना हुआ है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रेल लाइन निर्माण से जुड़े सामान की चोरी की शिकायत मिली है और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कोरबा जिले के ढोढ़ीपारा इलाके में चोरों ने करीब 40 साल पुराने लोहे के पुल को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया था। उस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि 5 आरोपी अब भी फरार हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts