अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं। 29 जनवरी 2026 को उन्होंने सार्वजनिक मंच से ऐसा बयान दिया, जिसे कई लोगों ने असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना बताया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने डग बर्गम को अमेरिका का इंटीरियर सेक्रेटरी इसलिए नियुक्त किया, क्योंकि उन्हें उनकी पत्नी कैथरीन बर्गम “अच्छी और सुंदर” लगीं।
Independent की रिपोर्ट के अनुसार, यह बयान ओवल ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामने आया। यह कार्यक्रम नशे की लत से निपटने से जुड़े एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर के लिए रखा गया था, जिसमें डग बर्गम और उनकी पत्नी कैथरीन भी मौजूद थीं। कार्यक्रम के अंत में ट्रंप ने यह बात कही, जिसे लोगों असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना बताया।
कैंपेन वीडियो से शुरू हुई बात
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने पहली बार डग और कैथरीन बर्गम को एक कैंपेन शैली के वीडियो में देखा था। वीडियो में कैथरीन बर्गम घोड़े पर सवार नजर आ रही थीं। ट्रंप के मुताबिक, वीडियो देखकर उन्होंने अपने सहयोगियों से पूछा था कि वह महिला कौन हैं। जब उन्हें बताया गया कि वह नॉर्थ डकोटा के तत्कालीन गवर्नर डग बर्गम की पत्नी हैं, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह उस व्यक्ति को नौकरी देने जा रहे हैं, जिसकी पत्नी इतनी प्रभावशाली और आकर्षक है।
पुराने विवादों की याद दिलाता बयान
ट्रंप का यह बयान नया नहीं माना जा रहा है, बल्कि इससे पहले भी वे महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों के कारण विवादों में रहे हैं। कई बार उन पर महिलाओं की काबिलियत के बजाय उनके रूप-रंग पर टिप्पणी करने और राजनीतिक विरोधी महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर आलोचना झेल चुके हैं। ताजा बयान ने एक बार फिर उनके पुराने विवादित बयानों को सुर्खियों में ला दिया है।





