मध्यप्रदेश

रेल यात्रियों को राहत: जबलपुर मंडल स्लीपर कोच में शुरू करेगा बेडरोल सुविधा

जबलपुर। लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले स्लीपर क्लास यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। जबलपुर रेल मंडल जल्द ही स्लीपर कोच में भी बेडरोल (चादर, तकिया और कंबल) उपलब्ध कराने की नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस योजना पर मंडल स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

इस व्यवस्था के तहत स्लीपर कोच के यात्रियों को मांग करने पर बेडरोल दिया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा, क्योंकि यह सुविधा टिकट किराए में शामिल नहीं रहेगी। रेलवे इस सेवा का संचालन एक निजी कंपनी के माध्यम से कराएगा।

तीन माह में शुरू हो सकती है सुविधा
अधिकारियों के अनुसार यदि प्रक्रिया तय समय पर पूरी हो जाती है तो अगले तीन महीनों में यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। अभी तक बेडरोल की सुविधा केवल वातानुकूलित (AC) कोच के यात्रियों को मिलती है, जिसका शुल्क टिकट में पहले से जुड़ा रहता है।

निजी एजेंसी देगी बेडरोल
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर रेल मंडल डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि इस मॉडल को सबसे पहले दक्षिण रेलवे के चेन्नई मंडल ने लागू किया है। अब जबलपुर मंडल इसे अपनाने वाला दूसरा मंडल होगा। इसके लिए निजी एजेंसी से अनुबंध किया जाएगा।

ट्रेन में मौजूद रहेगा स्टाफ
योजना के तहत एजेंसी का एक कर्मचारी बेडरोल किट के साथ ट्रेन में मौजूद रहेगा। यात्री के अनुरोध पर वह तकिया, चादर और कंबल उपलब्ध कराएगा और तय शुल्क मौके पर लिया जाएगा। इससे स्लीपर क्लास में सफर करने वाले यात्रियों को रात के सफर में ज्यादा सुविधा मिल सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts