देश

दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट को हाईजैक की धमकी, अहमदाबाद में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

अहमदाबाद। कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने और हाईजैक करने की धमकी मिलने के बाद विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया और वहां इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। धमकी का नोट टिश्यू पेपर पर लिखा हुआ मिला था।

फ्लाइट में सवार सभी 180 यात्री सुरक्षित हैं और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल विमान की पूरी तलाशी जारी है। इस कारण यात्रियों को दिल्ली पहुंचने में देर हो सकती है।

टिश्यू पेपर पर मिली धमकी
देश में हाल के समय में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां विमानों या स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसी क्रम में शुक्रवार को इंडिगो की फ्लाइट को भी हाईजैक करने और बम धमकी मिलने की सूचना मिली। धमकी टिश्यू पेपर पर लिखी गई थी। इसके बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

धमकी के तुरंत बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान अहमदाबाद में उतारा। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा कर्मियों और एयरपोर्ट स्टाफ ने विमान की पूरी तलाशी ली, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फाइनल मंजूरी मिलने के बाद फ्लाइट दिल्ली के लिए उड़ान भर सकती है।

इसी तरह का मामला पहले भी हुआ
कुछ दिन पहले भी इंडिगो की एक फ्लाइट में बम धमकी की सूचना मिली थी। उस समय भी नोट टिश्यू पेपर पर लिखा हुआ था और विमान को लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts