रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दिसंबर के बाद जनवरी की शुरुआत भी लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही है। मकर संक्रांति से पहले ठंड से खास राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर दिशा से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन यह राहत ज्यादा असरदार नहीं होगी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कुछ इलाकों में शीतलहर की आशंका जताई है। इससे पहले सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर देखा गया था। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी वायुमंडल में तेज रफ्तार पश्चिमी जेट स्ट्रीम के चलते ठंडी हवाएं प्रदेश तक पहुंच रही हैं। यही कारण है कि तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के एक-दो इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं 10 जनवरी को दुर्ग जिले में विशेष रूप से कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
राजधानी में धुंध के आसार
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 3.5 डिग्री रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में आज धुंध छाए रहने की संभावना है, जिससे सुबह-शाम ठंड और बढ़ सकती है।





