मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप, खजुराहो सबसे ठंडा; ग्वालियर में स्कूल दो दिन बंद

मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से घने कोहरे की चपेट में हैं। शुक्रवार सुबह ग्वालियर-चंबल, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के 15 से अधिक जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने आज सात जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शहडोल, रीवा, दतिया, छतरपुर, निवाड़ी, मऊगंज और टीकमगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना है। शहडोल में दिन का तापमान भी सामान्य से कम रहने के कारण ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बन सकती है। इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेशभर में घना कोहरा और तेज ठंड का असर देखने को मिला था।

सबसे ठंडा रहा खजुराहो
गुरुवार को खजुराहो में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके अलावा शहडोल के कल्याणपुर में 3.4 डिग्री, रीवा में 4.1 डिग्री, दतिया-चित्रकूट में 4.2 डिग्री और राजगढ़ में 4.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस सिवनी में दर्ज हुआ।

ग्वालियर में स्कूलों को राहत
ग्वालियर में एक ही दिन में तापमान करीब 7.8 डिग्री गिरकर 10.4 डिग्री तक पहुंच गया। शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में 9 और 10 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। साथ ही 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं 9 जनवरी से सुबह 10:30 बजे से पहले और दोपहर 3 बजे के बाद संचालित नहीं होंगी। ठंड को देखते हुए यह फैसला कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts