साल 2026 की शुरुआत के साथ ही आने वाला प्रमुख पर्व लोहड़ी खासतौर पर पंजाब और सिख समुदाय में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह त्योहार कृषि, परंपरा और लोक-संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। आइए जानते हैं कि वर्ष 2026 में लोहड़ी किस दिन पड़ेगी, इसका शुभ समय क्या है और इसका धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व क्या है।
लोहड़ी 2026 की तिथि
साल 2026 में लोहड़ी का पर्व 13 जनवरी 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा। इसी शाम लोहड़ी की पवित्र अग्नि जलाई जाएगी। लोहड़ी संक्रांति का समय 14 जनवरी को सुबह 3:13 बजे तक रहेगा।
लोहड़ी 2026 का शुभ मुहूर्त
लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित करने का शुभ समय
शाम 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक माना गया है।
लोहड़ी कैसे मनाई जाती है
लोहड़ी के दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर बधाई देते हैं। शाम के समय अलाव जलाया जाता है, जिसकी परिक्रमा कर तिल, रेवड़ी, मूंगफली और गेहूं की बालियां अर्पित की जाती हैं। लोकगीत गाए जाते हैं और गिद्धा जैसे पारंपरिक नृत्य किए जाते हैं। बच्चों को लोहड़ी बांटना और किसी को खाली हाथ न भेजना इस पर्व की खास परंपरा है। भोजन में सरसों का साग और मक्के की रोटी विशेष रूप से बनाई जाती है।
लोहड़ी का महत्व
लोहड़ी का सिख धर्म और कृषक समुदाय में विशेष महत्व है। यह पर्व नई फसल के आगमन और कृषि चक्र की पूर्णता का प्रतीक माना जाता है। किसान इस दिन अग्नि देवता से अच्छी पैदावार की कामना करते हैं। नवविवाहित जोड़ों और नवजात शिशुओं के लिए लोहड़ी को अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस पर्व को मनाने से घर में सुख, समृद्धि और खुशहाली आती है।
लोहड़ी न केवल एक त्योहार है, बल्कि परंपरा, प्रकृति और सामूहिक आनंद का उत्सव भी है।





