भोपाल। बिहार सरकार में मंत्री रहे नितिन नबीन ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाल लिया। बीजेपी कार्यालय पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। नितिन नबीन की इस नई जिम्मेदारी के साथ ही उनका मध्य प्रदेश से जुड़ा पुराना और मजबूत रिश्ता भी चर्चा में आ गया है।
तीन साल तक रहे BJYM के प्रभारी
नितिन नबीन का मध्य प्रदेश संगठन में खास योगदान रहा है। वे वर्ष 2010 से 2013 तक भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश प्रभारी रहे। इस दौरान उन्होंने खासतौर पर 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई। 2011 और 2012 में उन्होंने युवा मोर्चा के जरिए प्रदेशभर में सक्रिय दौरे किए, जिनमें आदिवासी बहुल इलाकों पर उनका विशेष फोकस रहा। उस समय प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष जीतू जिराती थे, जबकि महामंत्री के तौर पर रजनीश अग्रवाल जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नितिन नबीन रजनीश अग्रवाल की शादी में भी शामिल हुए थे, जो उनके व्यक्तिगत जुड़ाव को भी दर्शाता है।
शीर्ष नेताओं ने दी बधाई
नितिन नबीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नितिन नबीन की नियुक्ति से पार्टी को उनके अनुभव, निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता का लाभ मिलेगा और भाजपा को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
वहीं शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें कर्मठ, विचारवान और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए विश्वास जताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ पार्टी की विचारधारा को और मजबूत करेंगे।





