छत्तीसगढ़

रायगढ़ में दिखा 51 हाथियों का बड़ा दल, ड्रोन कैमरे में कैद, वन विभाग अलर्ट

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों का बड़ा दल देखे जाने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। धर्मजयगढ़ वनमंडल के छाल परिक्षेत्र में मौजूद इस दल को वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने ड्रोन कैमरे में कैद किया है। इसके बाद आसपास के कई गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

जानकारी के मुताबिक हाथियों के इस दल में कुल 51 हाथी शामिल हैं। इनमें 12 नर, 33 मादा और 6 शावक बताए जा रहे हैं। वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

हाथियों के बड़े झुंड की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। इसे देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने गडाईनबहरी-छाल कच्ची मार्ग और कांसाबहर-छाल मार्ग पर रात के समय सावधानी से आवाजाही करने की अपील की है।

बताया गया कि बीती रात बुढ़ा देव मंदिर छाल-नावापारा मार्ग के बीच भी हाथियों के दल को देखा गया। इसके बाद नावापारा, बांधापाली, छाल और गडाईनबहरी के ग्रामीणों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts