पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब सुवेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। कोलकाता में आयोजित बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम का आधिकारिक ऐलान किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल BJP विधायक दल के नेता के रूप में चुने गए सुवेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करता हूं।”
सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के इतिहास में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री होंगे। विधानसभा चुनाव में उन्होंने भवानीपुर सीट से TMC प्रमुख ममता बनर्जी को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी।
अब राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सुवेंदु अधिकारी शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जहां बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस समारोह में शामिल हो सकते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान बैरकपुर में आयोजित एक रैली में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि चुनाव परिणाम आने के बाद वह बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने बंगाल आएंगे।
2026 विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं ममता बनर्जी की TMC 15 साल बाद सत्ता से बाहर हो गई और पार्टी को सिर्फ 80 सीटों से संतोष करना पड़ा।
सुवेंदु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर, 1970 को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी में हुआ था। उनके पिता का नाम शिशिर अधिकारी है, जो भारतीय राजनीति के एक बहुत अनुभवी नेता हैं और केंद्र सरकार में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रह चुके हैं।
सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल की राजनीति के एक कद्दावर नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता थे। वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रमुख चेहरों में से एक हैं।





