रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वार्ड नंबर 13 के एक मकान में संदिग्ध बम बनाने की सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
प्रारंभिक जांच में घर से तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य आपत्तिजनक सामान मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। सुरक्षा कारणों से आसपास के लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।
यह इलाका रायपुर कमिश्नरेट के नार्थ जोन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस मौके से बरामद सामान की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि सामग्री किस मकसद से रखी गई थी।
फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।





