रायपुर में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 12 मई 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला जोरा स्थित लायवलीहुड कॉलेज में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कई कंपनियां हिस्सा लेंगी और कुल 413 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 5वीं, 8वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
मेले में ESAF Swasraya Multistate Agro Cooperative Society Limited, JD Hardscapes Private Limited, Elxer Communications Private Limited, Parishram Human Resource और ITM Edutech Training Pvt. Ltd. जैसी कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियां तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पदों पर भर्ती करेंगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। बिना पंजीयन वाले उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
उम्मीदवारों को इंटरव्यू के समय शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बायोडाटा की कॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार, पदों की योग्यता, वेतनमान और कार्यस्थल से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभागीय कार्यालय और आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।





