नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम का दावा सामने आया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी छोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि उनके साथ कई सांसद भी अलग हो रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके साथ सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मंच पर मौजूद रहे। राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ पार्टी के 7 सांसद हैं और यह संख्या दो-तिहाई से भी ज्यादा है।
‘AAP सिद्धांतों से भटक गई’
राघव चड्ढा ने पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए कहा,
“जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल सिद्धांतों से भटक गई है। अब यह पार्टी राष्ट्रहित में नहीं, बल्कि अपने निजी फायदे के लिए काम कर रही है। पिछले कुछ साल से मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। इसलिए, आज मैं घोषणा करता हूं कि मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं और जनता के करीब आ रहा हूं।”
BJP में विलय का ऐलान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने आगे कहा,
“हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए BJP में विलय कर लेंगे।”
इन सांसदों का भी साथ होने का दावा
राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं।
वहीं, संदीप पाठक ने कहा,
“मैंने कभी खुद को आगे नहीं किया। हमेशा आम आदमी पार्टी को आगे किया। अरविंद केजरीवाल को आगे रखा। देश में लाखों पार्टी कार्यकर्ता हैं जो आम आदमी पार्टी को आगे रखते हैं। लेकिन पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक गए।”
फिलहाल इस दावे के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।





