देश

हुगली नदी में पीएम मोदी की नाव सवारी, नाविक को गले लगाकर दिए ₹1000; पहले खाई थी झालमुड़ी

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान हुगली नदी में नाव की सवारी की। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ नदी के खूबसूरत नजारों का आनंद लिया, बल्कि खुद फोटोग्राफी करते भी नजर आए।

नाव यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने नाविकों से बातचीत की और सवारी कराने वाले नाविक गौरांगो बिस्वास को गले लगाकर 1000 रुपए भी दिए। उनकी यह तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा,
“हर बंगाली के लिए गंगा का एक बहुत ही खास स्थान है। यह कहना गलत नहीं होगा कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है।”

इसके अलावा उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया और लिखा,
“कल शाम हावड़ा से कोलकाता तक लंबे रोड शो के दौरान हावड़ा ब्रिज पर था। आज सुबह उसे हुगली नदी से देखा।”

नाविक को गले लगाकर दिए 1000 रुपए

हुगली घाट पर नाव सवारी पूरी करने के बाद पीएम मोदी ने नाविक गौरांगो बिस्वास को गले लगाया और उन्हें 1000 रुपए दिए। इस दौरान दोनों के बीच आत्मीय बातचीत भी हुई।

5 दिन पहले खाई थी झालमुड़ी

इससे पहले 19 अप्रैल को चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी झाड़ग्राम में एक दुकान पर रुके थे, जहां उन्होंने झालमुड़ी का स्वाद लिया। इस दौरान दुकानदार के साथ उनकी बातचीत भी चर्चा में रही।

झालमुड़ी बनाते समय दुकानदार ने पूछा, ‘आप प्याज खाते हैं।’ इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया, “हां प्याज खाता हूं बस दिमाग नहीं।” यह सुनकर दुकानदार हंसने लगा।

पीएम मोदी ने इस मुलाकात का करीब 40 सेकेंड का वीडियो भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts