नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है, जब संसद में महिला आरक्षण विधेयक को पारित नहीं किया जा सका और इस मुद्दे पर सियासी माहौल गरमाया हुआ है।
फिलहाल प्रधानमंत्री के संबोधन की घोषणा कर दी गई है, लेकिन वे किस विषय पर बात करेंगे, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री विपक्ष पर तीखे तेवर में नजर आए और महिला आरक्षण बिल का समर्थन नहीं करने पर विपक्ष पर निशाना साधा।
विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने विपक्ष के रुख को एक बड़ी गलती बताते हुए कहा कि आने वाले समय में उन्हें इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह संदेश देश के हर गांव तक पहुंचाया जाना चाहिए कि विपक्ष महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच रखता है।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दल अब अपनी स्थिति को सही ठहराने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं।
महिला आरक्षण विधेयक पर स्थिति
केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया संविधान (131वां संशोधन) विधेयक शुक्रवार को पारित नहीं हो सका, जिसे सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस बिल का उद्देश्य 2029 तक विधायिकाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना और लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 816 करना था।
सत्ता पक्ष ने कहा है कि महिलाओं के अधिकारों के लिए उसका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।





