छत्तीसगढ़

टीम प्रहरी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई: पचपेड़ी नाका स्थित केएफसी पर नगर निगम का शिकंजा

नगर निगम रायपुर द्वारा चलाए जा रहे “टीम प्रहरी” अभियान के तहत राजधानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए पचपेड़ी नाका स्थित केएफसी को सील कर दिया गया। नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी और स्वच्छता नियमों की अनदेखी पाए जाने पर यह कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के आसपास नालियों में कचरा जमा मिला तथा साफ-सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। नगर निगम अधिकारियों ने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों के खिलाफ मानते हुए तत्काल सीलबंद कार्रवाई की। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक संस्थानों के लिए स्वच्छता नियमों का पालन अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। निगम अधिकारियों का कहना है कि “टीम प्रहरी” अभियान के माध्यम से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।

नगर निगम रायपुर ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी। जहां भी गंदगी, कचरे का गलत निस्तारण या स्वच्छता नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts