छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान गुजरात पासिंग की एक कार से करीब 9 करोड़ 27 लाख रुपये का सोना बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, NH-53 पर नियमित चेकिंग के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त चैंबर से 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण मिले। जब कार में सवार लोगों से सोने से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सोना जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि सोने की तस्करी गुप्त तरीके से की जा रही थी।
सिंघोड़ा पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले की जांच आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दी है। अधिकारियों द्वारा अब सोने के स्रोत, परिवहन और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही हैं।





