आईपीएल 2026 के फाइनल और प्लेऑफ मुकाबलों का शेड्यूल सामने आ गया है। इस बार खिताबी मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 31 मई को खेला जाएगा। प्लेऑफ की शुरुआत 26 मई से होगी।
आईपीएल की परंपरा के अनुसार फाइनल आमतौर पर डिफेंडिंग चैंपियन के घरेलू मैदान पर होता है। हालांकि, 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चैंपियन बनने के बावजूद फाइनल बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं रखा गया है।
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम पिछले कुछ वर्षों में फाइनल का प्रमुख वेन्यू बन गया है। 2022, 2023 और 2025 के फाइनल भी यहीं आयोजित हुए थे। अब 2026 में यहां चौथी बार फाइनल खेला जाएगा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा। इससे पहले एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में तीन बार फाइनल आयोजित किए जा चुके हैं।
पिछले सीजन में कोलकाता में फाइनल प्रस्तावित था, लेकिन बारिश की आशंका के कारण मुकाबले को अहमदाबाद स्थानांतरित कर दिया गया था।
बेंगलुरु को फाइनल की मेजबानी न मिलने पर बीसीसीआई ने कहा, ‘शुरुआत में फाइनल की मेजबानी के लिए बेंगलुरु को चुना गया था। हालाकि, स्थानीय एसोसिएशन और अधिकारियों की कुछ ऐसी जरूरतों के चलते, जो बीसीसीआई के तय दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, इस जगह को बदल दिया गया है और किसी दूसरी जगह पर तय कर दिया गया है।’
शेड्यूल के अनुसार 24 मई को ग्रुप राउंड का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। 26 मई को धर्मशाला में पहला क्वालीफायर होगा। 27 मई को न्यू चंडीगढ़ में एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। वहीं 29 मई को दूसरा क्वालीफायर भी न्यू चंडीगढ़ में ही होगा। इसके बाद 31 मई को अहमदाबाद में क्वालीफायर-1 और क्वालीफायर-2 के विजेताओं के बीच फाइनल खेला जाएगा।





