आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 3 इडियट्स के सीक्वल को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब लगभग मुहर लग गई है। आमिर खान ने इस नए प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है, जिससे साफ है कि ‘इडियट्स’ की कहानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटेगी। फिलहाल इसे ‘4 इडियट्स’ के नाम से चर्चा मिल रही है और इसे आने वाले वर्षों के बड़े प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है।
फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी और लेखक अभिजात जोशी कहानी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि सीक्वल की कहानी पहली फिल्म के 10 से 15 साल बाद की होगी, जहां रैंचो, फरहान और राजू की जिंदगी काफी बदल चुकी होगी। यह दिखाया जाएगा कि सफलता के बाद भी नई चुनौतियां कैसे उन्हें फिर एक साथ लाती हैं और बदलते समय में शिक्षा व्यवस्था से उनका टकराव कैसे होता है। आमिर ने खुद स्वीकार किया है कि उन्होंने कहानी का नरेशन सुन लिया है और यह बेहद अतरंगी है।
इस फिल्म को लेकर कई दौर की मीटिंग्स हो चुकी हैं। हिरानी के साथ पहले काम कर चुके विकी कौशल को भी स्क्रिप्ट पसंद आई है। माना जा रहा है कि उनका किरदार कहानी में नया और भावनात्मक एंगल जोड़ेगा। आमिर, विकी और हिरानी के बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत आगे बढ़ चुकी है और विकी ने मौखिक तौर पर हामी भी भर दी है। फिल्म की शूटिंग 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में शुरू हो सकती है।
फिल्म का नाम ‘4 इडियट्स’ रखने के पीछे की वजह भी खास बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि इस बार कहानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक दौर की ‘प्रेशर कुकर’ वाली शिक्षा प्रणाली पर केंद्रित होगी। यह दिखाया जाएगा कि कैसे डिजिटल युग में मशीन बनने की होड़ ने इंसानी भावनाओं को पीछे छोड़ दिया है।
कास्टिंग को लेकर भी दर्शकों में उत्साह बना हुआ है। आमिर खान एक बार फिर रैंचो उर्फ फुंसुख वांगडू के किरदार में नजर आ सकते हैं। वहीं आर. माधवन और शरमन जोशी की वापसी को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन तीनों कलाकारों ने साथ काम करने में रुचि दिखाई है। इस बार कहानी में ‘चौथे इडियट’ की एंट्री सबसे बड़ा बदलाव मानी जा रही है, जिसके लिए विकी कौशल का नाम सामने आ रहा है।





