अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को नेशनल हाईवे-130 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुंवरपुर मोड़ के पास रायपुर से उत्तरप्रदेश जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक कार में सवार युवक वाहन के भीतर ही फंस गया था। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को बाहर निकाला गया।
घायल की पहचान अभिषेक पांडे, पिता अजय पांडे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तरप्रदेश के भदोही का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि फिलहाल रायपुर के कबीर नगर में रह रहा था।
घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





