क्रांइमछत्तीसगढ़

बिजनेस में मुनाफे का झांसा देकर कारोबारी से 3.32 करोड़ की ठगी, पिता-पुत्र समेत 3 पर केस दर्ज

बिलासपुर। बिजनेस में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 3 करोड़ 32 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक विनोबा नगर निवासी जमीन कारोबारी विजय कुमार गुप्ता की पहचान वर्ष 2023 में एक जमीन सौदे के दौरान तोरवा निवासी अशोक कुमार गिडवानी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच अच्छी जान-पहचान हो गई। इसी दौरान अशोक गिडवानी और उसके बेटे मोहित गिडवानी ने विजय गुप्ता और उनके मित्र रमेश कुमार अग्रवाल को अपने मनिहारी व्यवसाय में निवेश करने का प्रस्ताव दिया।

आरोप है कि दोनों ने निवेश पर मोटा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर विजय गुप्ता ने खुद, अपने परिजनों और दोस्तों के माध्यम से किस्तों में कुल 3.32 करोड़ रुपये आरोपितों को दे दिए।

धोखाधड़ी की इस योजना के तहत बड़ी राशि आरटीजीएस और बैंक चेक के माध्यम से भावेश ट्रेडर्स और गणेश किचन नावेल्टी जैसी फर्मों के नाम पर ट्रांसफर कराई गई थी। आरोपितों ने दावा किया था कि हर तीन महीने में निवेश पर मुनाफा दिया जाएगा।

पीड़ित का आरोप है कि काफी समय गुजरने के बाद भी जब कोई रकम वापस नहीं मिली, तब उन्होंने अपनी मूल राशि लौटाने की मांग की। इस पर आरोपित गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अशोक कुमार गिडवानी, मोहित गिडवानी और भावेश ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फर्मों के बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts