दुर्ग। जिले के कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से करीब 300 बोरा धान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि तेज गर्मी और आग की तीव्रता के कारण धान का बड़ा हिस्सा जल गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास पैरा में लगाई गई आग फैलकर धान संग्रहण केंद्र तक पहुंची हो सकती है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने और आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस आगजनी में करीब 300 क्विंटल धान का नुकसान हुआ है।
अग्निशमन विभाग के नागेंद्र सिंह ने बताया, “आगजनी की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि उसे नियंत्रित करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कोशिश और 5 गाड़ी पानी की मदद से आग पर काबू पाया गया।”
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।





