रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के उभरते बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारत ‘ए’ टीम में किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा घोषित टीम में आयुष को मौका मिलने के बाद प्रदेश के क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है।
22 वर्षीय बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। रणजी ट्रॉफी में उनके बेहतरीन खेल ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और अब उन्हें भारत ‘ए’ टीम के लिए खेलने का अवसर मिला है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो आयुष ने 19 प्रथम श्रेणी मैचों की 34 पारियों में 1430 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 47.66 रहा है। इस दौरान उन्होंने चार शतक और पांच अर्धशतक जड़े हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 211 रन है।
हाल ही में रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ खेली गई उनकी 183 रन की शानदार पारी ने चयनकर्ताओं का विशेष ध्यान खींचा था। इस पारी में उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाया था। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने उपयोगी पारियां खेलीं। उन्होंने 78 और 49 रन बनाकर टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी उनकी स्थिर बल्लेबाजी ने उन्हें चयन की दौड़ में मजबूत दावेदार बनाया।।
श्रीलंका दौरे के लिए घोषित भारत ‘ए’ टीम की कप्तानी ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। टीम में साई सुदर्शन, ऋतुराज गायकवाड़, एन. जगदीशन, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज और शैक रशीद जैसे युवा खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
आयुष पांडे का चयन छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में राज्य के खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और अब राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि आयुष श्रीलंका दौरे पर भी शानदार प्रदर्शन कर भारत ‘ए’ टीम में अपनी जगह मजबूत करेंगे।





