मनोरंजन

वाशु भगनानी ने टिप्स म्यूजिक और डेविड धवन पर ठोका 400 करोड़ का मुकदमा, वरुण धवन की फिल्म बनी वजह

पूजा एंटरटेनमेंट के फाउंंडर और प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने टिप्स म्यूजिक और फिल्ममेकर डेविड धवन के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। यह विवाद वरुण धवन की हालिया रिलीज फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में इस्तेमाल किए गए गानों को लेकर सामने आया है।

वाशु भगनानी का यह मुकदमा वरुण धवन की हालिया रिलीज फिल्म ‘है जवानी तो इश्क़ होना है’ से जाकर जुड़ता है। दरअसल, वाशु भगनानी की फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के मशहूर गानों को बिना इजाजत के वरुण की फिल्म में इस्तेमाल किया गया है। इसमें ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ जैसे गाने शामिल हैं। वाशु ने कोर्ट का रूख इसलिए किया है, क्योंकि वह इस मामले में ऑडियो राइट्स को रद्द कराना चाहते हैं। वाशु भगनानी इस मामले में तत्काल और व्यापक रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

इस मामले में वाशु भगनानी के वकील ने एएनआई से बातचीत में कहा, “हमने टिप्स म्यूजिक कंपनी के खिलाफ 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। यह कानूनी लड़ाई कई दिनों से चल रही थी और संगीतकारों के अधिकारों को लेकर कोई समझौता नहीं हो पा रहा था। पहले फिल्मों के राइट्स, एग्रीमेंट्स पर आधारित होते थे। आज म्यूजिक कंपनियां बड़े निर्माताओं या गीतकारों से गाने खरीदती हैं। उस समय, टिप्स के साथ जो समझौते हुए थे, उनमें केवल ऑडियो राइट्स ही दिए गए थे। 2018 में टिप्स ने हमें ईमेल करके विज़ुअल राइट्स मांगे थे। वाशु भगनानी ने उन्हें जवाब दिया था लेकिन उनकी बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंची।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर वे संगीत के अधिकारों के कानूनी मालिक हैं, तो उन्हें अपने दस्तावेज दिखाने चाहिए। इसीलिए हमने टिप्स के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। न्याय जरूर मिलेगा और सच सामने आएगा।”

प्रेस रिलीज के जरिए पूजा एंटरटेनमेंट ने यह भी मांग की है कि वरुण धवन की फिल्म और उसके प्रमोशनल मटेरियल से ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ जैसे गानों को हटाया जाए। साथ ही फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का टाइटल बदलने की भी मांग की गई है।

इसके अलावा वाशु भगनानी के प्रोडक्शन हाउस ने 100 करोड़ रुपये अतिरिक्त हर्जाने की मांग भी की है। पूजा एंटरटेनमेंट (इंडिया) लिमिटेड ने यह भी आरोप लगाया है कि टिप्स और डेविड धवन ने इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स का गैर-कानूनी रूप से इस्तेमाल किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts