जब से ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह की एंट्री का ऐलान हुआ है, तब से फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है। फैंस की ओर से इस फैसले को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। कई लोग चाहते थे कि ‘डॉन 2’ की तरह इस बार भी शाहरुख खान ही मुख्य भूमिका निभाएं, लेकिन टीजर में रणवीर सिंह को देखने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया। इसके बाद फिल्म की प्रगति भी धीमी पड़ती नजर आई।
इसी बीच रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की बड़ी सफलता के बाद उनके करियर को नई ऊंचाई मिली। वहीं दूसरी तरफ ‘डॉन 3’ से उनके बाहर होने की खबरों ने इंडस्ट्री में हलचल बढ़ा दी। अब इस पूरे मामले में FWICE की एंट्री के बाद विवाद और गहरा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने इस मामले को शांत कराने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि उन्होंने रणवीर सिंह और फरहान अख्तर दोनों से बातचीत की है ताकि विवाद ज्यादा न बढ़े।
रिपोर्ट्स के अनुसार, “सलमान खान, रणवीर सिंह को पसंद करते हैं और अख्तर परिवार को भी उतना ही पसंद करते हैं। उन्होंने दोनों पक्षों से बात की और उनसे कहा कि वे अपने-अपने प्रोजेक्ट्स के भविष्य को नुकसान पहुंचाए बिना अपने मुद्दों को सुलझा लें। उन्होंने फरहान को समझाया कि मतभेद दशकों से इंडस्ट्री में आम बात है और उन्होंने रणवीर से भी लंबी बातचीत की और उनका नजरिया समझा। वे सुलह कराने की कोशिश कर रहे हैं ताकि किसी को भी बुरा न लगे।”
बताया जा रहा है कि ‘डॉन 3’ की शूटिंग अभी शुरू नहीं हुई थी, लेकिन प्री-प्रोडक्शन पर मेकर्स पहले ही 45 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर चुके हैं।
वहीं FWICE के सदस्य अशोक पंडित ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह बहुत गंभीर मामला है, और यह चलन बहुत गलत है। शूटिंग शुरू होने से 10 दिन पहले आप किसी प्रोजेक्ट से पीछे नहीं हट सकते। हम पहले एक आंतरिक बैठक कर रहे हैं, और उसके बाद फैसला लेंगे।”





