रायपुर में लगातार बिजली गुल और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गुढ़ियारी स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएसईबी के चीफ इंजीनियर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बिजली बिल में बढ़ोतरी, बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में बिजली व्यवस्था प्रभावित है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ रहा है।
कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल ने कहा कि “पिछले कई दिनों से गुढ़ियारी और रामनगर के कई घरों में बिजली बंद है। यहां के लोग बिजली ऑफिस में फोन लगाते हैं, लेकिन यहां के अधिकारी फोन नहीं उठाते। इससे आम जनता को बड़ी परेशानी होती है।”
उन्होंने आगे कहा कि “पिछली बार भी हम बिजली ऑफिस का घेराव कर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन बिजली की समस्या अभी तक ठीक नहीं हुई है। एक बार फिर आज हम लोगों ने बिजली ऑफिस का घेराव कर जल्द बिजली की समस्या का समाधान करने की मांग की है।”
सुबोध हरितवाल ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “मैं अपने बचपन से सुनते आ रहा हूं कि मेंटेनेंस कार्य चल रहा है। जल्दी बिजली आ जाएगी, लेकिन 40-42 साल से यह समस्या बनी हुई है। आज तक बिजली बंद की समस्या ठीक नहीं हुई है।”
वहीं पूरे मामले में बिजली विभाग के अधिकारी संजीव सिंह ने कहा कि “कांग्रेस के लोगों ने प्रदर्शन किया है। जहां-जहां लाइट की समस्या है हमारे अधिकारी वहां पहुंचकर लाइट को बना चुके हैं। आगे जो भी ऐसी स्थिति निर्मित होगी बिजली विभाग तत्परता से वहां पर काम करेगा।”





