छत्तीसगढ़

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले 4 दिनों में 5 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। प्रदेश में मौसम को प्रभावित करने वाला सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है, जिसके चलते आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके कारण लोगों को फिर से उमस और तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

सोमवार को रायपुर समेत कई जिलों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वहीं प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की वर्षा की संभावना जताई है।

प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने बताया कि “दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल में प्रवेश करने की संभावना है, जिसमें मॉडल त्रुटि 4 दिन की हो सकती है।” विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।

राजधानी रायपुर की बात करें तो मंगलवार को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts