रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि अफवाहों के कारण लोग बड़ी संख्या में ईंधन भरवा रहे हैं। इसी बीच रायपुर पुलिस ने पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष कदम उठाए हैं।
पुलिस की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर वाले पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इन पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम, स्थानीय थाना प्रभारी, डायल-112 समेत अन्य जरूरी हेल्पलाइन नंबर दर्ज किए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दी जा सके।
इसके साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और नगदी के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ऑयल कंपनियों और डीलर्स की बैठक लेकर ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा, “यह ध्यान रखें कि आम जनता को परेशानी न हो, पेट्रोल पंप से उन्हें नियमित रूप से डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति होती रहे। ऑयल कंपनी की डिपो अपने डीलर्स को बिना विलंब के पेट्रोल-डीजल की सप्लाई करें।”
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि ईंधन सप्लाई का समय फिलहाल बढ़ाया जाए और शहर में पेट्रोल-डीजल के टैंकरों की 24 घंटे आवाजाही सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी न हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कालाबाजारी या आपूर्ति में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





