क्रांइमछत्तीसगढ़

कांकेर में नकली नोट छापने वाले गिरोह का खुलासा, 6 लाख से ज्यादा की जाली करेंसी जब्त

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नकली नोट तैयार करने वाले एक बड़े रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े 6 लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो अपने घर में ही 500-500 रुपये के नकली नोट छाप रहा था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड इलाके में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट तैयार करता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने नकली नोट छापने की योजना बनाई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारकर नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण भी जब्त कर लिए। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस काम को अंजाम दे रहा था या उसके साथ और लोग भी जुड़े हुए हैं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts